सदर अस्पताल में अनोखी पहल: देर से पहुंचे चिकित्सक को पुष्पगुच्छ देकर समय की अहमियत समझाई

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिम सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल में सोमवार को समय पालन को लेकर एक अनोखी पहल देखने को मिली। अल्ट्रासाउंड सेवा से जुड़े चिकित्सक डॉ. फूलचंद हांसदा के निर्धारित समय से विलंब से पहुंचने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताने के बजाय सकारात्मक संदेश देने का तरीका अपनाया।

खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा और जिला सुपरिटेंडेंट डॉ. शिवचरण हांसदा ने डॉक्टर का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया। इस प्रतीकात्मक सम्मान के माध्यम से उन्हें यह अहसास कराया गया कि अस्पताल में समय की पाबंदी कितनी महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कदम किसी को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा करने के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का बोध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।

अस्पताल में प्रतिदिन दूर-दराज और सुदूरवर्ती गांवों से बड़ी संख्या में मरीज जांच और उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यदि चिकित्सक समय पर उपलब्ध नहीं होते, तो मरीजों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे उन्हें शारीरिक और मानसिक असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह संदेशात्मक पहल की गई।

प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह निर्धारित समय का पालन करे। समय पर सेवा मिलने से मरीजों का विश्वास भी मजबूत होता है। वहीं, डॉ. शिवचरण हांसदा ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में अनुशासन और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यहां हर क्षण कीमती होता है।

अस्पताल प्रबंधन ने भी दोहराया कि मरीजों की सुविधा सर्वोपरि है और भविष्य में सभी चिकित्सकों और कर्मियों से समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। पुष्पगुच्छ देकर की गई इस पहल को अस्पताल परिसर में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे संबंधित चिकित्सक को अपनी देरी का अहसास भी हुआ और आगे समयबद्ध रहने की प्रेरणा भी मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *