सहरसा।भारतीय जनता पार्टी में नितीन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दायित्व ग्रहण करने के बाद संगठन के भीतर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
भाजपा बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ शशिशेखर झा ने इसे पार्टी में नए नेतृत्व के युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि नितीन नवीन जी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना केवल एक पद परिवर्तन नहीं, बल्कि दिन-रात मेहनत करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता के सम्मान का क्षण है।इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार ग्रहण के बाद बिहार आगमन पर डॉ शशिशेखर झा ने पटना स्थित उनके आवास पर भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा नवीन जी का सौम्य व्यक्तित्व, मृदुभाषी स्वभाव, स्पष्ट सोच और संगठनात्मक दक्षता उन्हें एक मजबूत नेता बनाती है।उनके नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक सशक्तिकरण के साथ-साथ जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को अवश्य छुएगी।डॉ शशिशेखर झा ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा मेरे लिए यह अत्यंत सौभाग्य की बात रही है कि मुझे लगातार कई वर्षों तक उनके नेतृत्व और सानिध्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा में कार्य करने का अवसर मिला। उनके मार्गदर्शन में काम करते हुए संगठन की बारीकियों को समझने और कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ने का मौका मिला।आज उनका पार्टी के सर्वोच्च दायित्व पर आसीन होना हम सभी के लिए गर्व और हर्ष का विषय है।
