पाकिस्तान में हुए एक बड़े आतंकी हमले में 11 सुरक्षाकर्मियों सहित 12 लोगों की मौत हो गई। आतंकवादियों ने विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी को सेना की चौकी की दीवार से टकरा दिया। पाकिस्तान लगातार हिंसा और धमाकों से जूझ रहा है।
पाकिस्तानी सेना ने बताया है कि यह हमला अफगानिस्तान की सीमा से लगे बाजौर जिले में सोमवार को हुआ। इस आत्मघाती हमले में सात लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
पाकिस्तानी सेना ने बताया है कि सुरक्षाकर्मियों ने जब आतंकवादियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को दीवार से टकरा दिया। पाकिस्तानी तालिबान जिसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के नाम से भी जाना जाता है, उसने इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) के अनुसार, “16 फरवरी को बाजौर जिले में फितना अल ख्वारिज से जुड़े ख्वारिजों ने सुरक्षा बलों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों की संयुक्त जांच चौकी पर एक कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले का प्रयास किया।” सरकार ‘फितना-अल-ख्वारिज’ शब्द का इस्तेमाल प्रतिबंधित ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ के लिए करती है।
आईएसपीआर के बयान के मुताबिक, सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में 12 आतंकवादियों को मार गिराया गया। धमाके से इलाके की रिहायशी इमारतों पर भी असर पहुंचा है।
आईएसपीआर ने कहा है कि क्षेत्र में मौजूद अन्य आतंकियों के खात्मे के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
