विधायक सरयू राय ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता को दी बहस की खुली चुनौती, विकास कार्यों पर मांगा जवाब

पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने राज्य के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता को आमने-सामने बैठकर सार्वजनिक बहस करने की खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि बन्ना गुप्ता अपने मंत्री कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का विवरण जनता के सामने रखें, जबकि वे स्वयं विधायक बनने के बाद एक वर्ष में किए गए कार्यों का पूरा ब्यौरा देने को तैयार हैं।

मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सरयू राय ने आरोप लगाया कि न्यू पुरुलिया रोड पर हुए अवैध निर्माणों में बन्ना गुप्ता की भूमिका रही है और उन्होंने कई भवनों को संरक्षण प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए और जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाना चाहिए।

मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर भी सरयू राय ने बन्ना गुप्ता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि चुनाव में प्रत्याशी सुधा गुप्ता हैं, लेकिन चुनाव वास्तव में “मेयरपति” के रूप में बन्ना गुप्ता द्वारा लड़ा जा रहा है। उन्होंने आचार संहिता का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि एक पूर्व मंत्री द्वारा यह कहना कि चुनाव जीतने के बाद सभी कार्य करवाए जाएंगे, क्या नियमों के अनुरूप है?

इसके साथ ही सरयू राय ने यह भी प्रश्न उठाया कि चुनाव लड़ने के लिए पत्नी का पता मानगो में दर्ज कराना और स्वयं कदमा में निवास करना कितना उचित है? उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।——-

उन्होंने दोहराया कि वे किसी भी समय सार्वजनिक मंच पर बहस के लिए तैयार हैं और बन्ना गुप्ता से भी आग्रह किया कि वे आगे आकर अपने कार्यकाल और आरोपों पर खुलकर जवाब दें, ताकि जनता सच्चाई जान सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *