भागलपुर समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

भागलपुर। बिहार में भागलपुर के समाहरणालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मंगलवार को दी गई। यह धमकी जिलाधिकारी कार्यालय के मेल आईडी पर दी गई।

इस धमकी ने प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी है। कुछ दिन पूर्व भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस बार समाहरणालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी भरे ईमेल में कहा गया है कि परिसर के भीतर बम लगा दिया गया है और जल्द ही बड़ा विस्फोट होगा।

इस सूचना के बाद प्रशासनिक महकमा सक्रिय हो गया है। भारी संख्या में पुलिस बल समाहरणालय पहुंच गया है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। उधर इस धमकी बाद समाहरणालय परिसर को खाली करा लिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल है।

सुरक्षा के मद्देनजर समाहरणालय के सभी प्रवेश द्वारों को बंद कर दिया गया है और आने-जाने वाले हर शख्स की गहन तलाशी ली जा रही है। वहीं मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंच चुकी है। पुलिस के जवान फाइलों के ढेर से लेकर परिसर में खड़ी गाड़ियों और झाड़ियों तक की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

डीएसपी ट्रैफिक और डीएसपी शहरी क्षेत्र खुद इस पूरे सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। भागलपुर पुलिस की साइबर सेल अब उस ईमेल एड्रेस और आईपी लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी है, जहां से यह मैसेज भेजा गया है। पुलिस का मानना है कि यह किसी असामाजिक तत्व की शरारत हो सकती है, लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सख्ती से किया जा रहा है।

इस घटना को लेकर भागलपुर प्रशासन ने आम जनता से अपील किया है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक न करें। समाहरणालय परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि जब तक पूरे परिसर को क्लीन चिट नहीं मिल जाती, तब तक अलर्ट जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *