सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के छात्रों की बड़ी छलांग, जेईई मेन में शानदार सफलता

रांची। झारखंड सरकार की ओर से संचालित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थियों ने वर्ष 2026 की जेईई मेन परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विभिन्न जिलों के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट एनटीए स्कोर प्राप्त किया।

परिणामों के मुताबिक जामताड़ा के साहिल सिन्हा ने 97.65 प्रतिशत एनटीए स्कोर के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। धनबाद के अंकित कुमार (97.61 प्रतिशत), हजारीबाग के निखिल कुमार (95.37 प्रतिशत), देवघर के वैभव सिंह (93.56 प्रतिशत), गिरिडीह के अनीश शर्मा (93 प्रतिशत) और बोकारो के अंब्रिश राजशेखर (91.79 प्रतिशत) सहित कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किया। वहीं गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम और कोडरमा के अनेक छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक स्कोर प्राप्त किया है।

राज्य सरकार ने इस सफलता का श्रेय आधुनिक शिक्षण पद्धति, अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और जेईई-नीट जैसी परीक्षाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण व्यवस्था को दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह और परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *