बंद घर से फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

गोड्डा। जिले के मोतिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत मोतिया गांव में गुरुवार को एक 30 वर्षीय युवक का शव उसके घर के दूसरे तल्ले पर बंद कमरे से फंदे से झूलता हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान मोतिया निवासी अभिषेक झा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक झा मोतिया स्थित अडानी पावर प्लांट में कार्यरत एक आउटसोर्सिंग कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह 12 तारीख तक काम पर गया था, इसके बाद से वह दिखाई नहीं दिया।

गुरुवार को आसपास के लोगों ने घर से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोतिया ओपी पुलिस सदलबल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घर के ऊपरी तल्ले पर स्थित एक बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां युवक पंखे के सहारे फंदे से झूलता पाया गया। तेज दुर्गंध के कारण मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि शव काफी हद तक सड़-गल चुका था।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार मृतक के पिता का कई वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जाती है, जबकि पत्नी लंबे समय से मायके में रह रही है। मृतक परिवार में अकेला भाई था और उसकी एक विवाहिता बहन है।

ग्रामीणों का कहना है कि अभिषेक हंसमुख और मिलनसार स्वभाव का युवक था।

वहीं घटना के संबंध में मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश राउत ने बताया कि तेज दुर्गंध फैलने की सूचना पर मृतक के घर की तलाशी ली गई, जहां युवक का शव फंदे से झूलता मिला। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *