बिहार विधान परिषद में डीजे पर रोक लगाने का मुद्दा उठा, सरकार ने कहा- सख्त कार्रवाई होगी

पटना,। बिहार विधान परिषद में गुरुवार को निर्दलीय विधान परिषद सदस्य वंशीधर व्रजवासी ने डीजे बजाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि तेज आवाज में डीजे बजाने से कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है और कुछ मामलों में हृदयाघात की घटनाएं भी सामने आई हैं।इसके अलावा शादी-विवाह जैसे आयोजनों में गोलियां चलने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिन गाड़ियों पर डीजे बजाए जाते हैं, उन पर न तो वाहन नंबर होता है और न ही कोई वैध पहचान, जिससे अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। उनके समर्थन में परिषद के अन्य सदस्यों ने भी तेज आवाज में डीजे बजाने पर सख्त रोक लगाने की मांग उठाई।

इस पर जवाब देते हुए परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने सदन में स्पष्ट और कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 15 दिनों के भीतर बिहार में बिना अनुमति डीजे बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और राज्य को डीजे मुक्त किया जाएगा।

मंत्री ने साफ किया कि बिना लाइसेंस चल रहे डीजे वाहनों को जब्त किया जाएगा। परिवहन मंत्री ने यह भी कहा कि ध्वनी प्रदूषण को लेकर परिवहन विभाग विशेष अभियान चलाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने सदन में यह भी कहा कि बाद में यह मत कहिएगा कि शादी-विवाह में डीजे बजाने की अनुमति दी जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *