पटना। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे एआई समिट में इंडियन नेशनल यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन करने की घटना की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस का यह कृत्य देश का अपमान करने वाला है, जिसे देश खासकर देश का जेन – जी कभी माफ नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि एक ओर पूरी दुनिया भारत को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में एक उभरते हुए वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में देख रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश को बदनाम करने का रास्ता चुना है।
उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस का ‘बिना शर्ट’ वाला यह भद्दा प्रदर्शन केवल एक विरोध नहीं, बल्कि वैश्विक नेताओं और दिग्गजों के सामने भारत को शर्मिंदा करने की एक सोची-समझी साजिश है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने पूरी दुनिया के सामने भारत को शर्मिंदा करने की सक्रिय कोशिश की है। इन हरकतों का एकमात्र कारण यह है कि राहुल गांधी भारत को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ते हुए नहीं देख सकते। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली वर्तमान कांग्रेस उन तरीकों से काम करती दिख रही है जो भारत के दुश्मनों के हितों को पूरा करते हैं।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भारत की सफलता का विरोध करना और उसकी सुरक्षा पर सवाल उठाने का कांग्रेस का पुराना ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। जब पूरी दुनिया भारत के नेतृत्व की सराहना करती है, तब कांग्रेस के पास केवल आलोचना ही होता है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और डोकलाम विवाद के दौरान कांग्रेस ने भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई पर सवाल उठाकर उनका अपमान किया।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी के इशारे पर किया गया है। आज भारत जी20 और एआई समिट जैसे वैश्विक सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है – यह एक ऐसा बदलाव है जिसे कांग्रेस स्वीकार नहीं कर पा रही है। इस समिट में 100 से अधिक देशों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक राष्ट्राध्यक्ष, एआई विशेषज्ञों और शीर्ष कंपनियों के सीईओ ने भारत की पहल, तकनीकी नवाचार और नेतृत्व की सराहना की।
संजय सरावगी ने कहा कि ऐसा काम वही पार्टी कर सकती है, जिसकी नीयत और नीति देशविरोधी है। जब भी भारत का सम्मान होता है और देश ऊपर बढ़ता है, तब राहुल गांधी और वाड्रा परिवार को मिर्ची लगती है। इसी कारण वे अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भारत का अपमान करने वाला कृत्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा को इस घटना के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
