पश्चिमी सिंहभूम। जिला स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासाटोंटो गांव में शक के आधार पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी।
घटना सोमवार की देर रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान सुखमति पड़िया (28) के रूप में हुई है, जबकि आरोपित पति करण पड़िया (32) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मृतका के देवर लाला पड़िया और पड़ोसी घसिया सिरका ने बताया कि करण पड़िया की शादी लगभग 14 वर्ष पहले टोंटो थाना क्षेत्र के साइतबा गांव निवासी सुखमति के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों के अनुसार करण को अपनी पत्नी पर हमेशा शक रहता था कि वह किसी से बात करती है या उसका किसी से संबंध है। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच मारपीट होती थी।
परिजनों ने बताया कि करण कई बार अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। यदि कोई बीच-बचाव करने जाता तो वह उसके साथ भी उलझ पड़ता था। कभी-कभी सुखमति जान बचाने के लिए पड़ोस में चली जाती थी, लेकिन करण वहां भी पहुंचकर उसे मारते-पीटते घर ले आता था। घर में तेज आवाज में गाना बजाकर मारपीट करने की बात भी सामने आई है। बीच-बीच में सुखमति अपने मायके चली जाती थी, लेकिन बाद में वह फिर ससुराल लौट आती थी।
पड़ोसियों के अनुसार करण महुआ दारू बेचने का काम करता था। दंपति के पांच बच्चे हैं, सभी लड़के हैं। सबसे बड़ा बेटा करीब पांच वर्ष का है, जबकि सबसे छोटा बच्चा लगभग छह माह का है।
लाला पड़िया ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वे सोकर उठे तो घर में खून बिखरा हुआ देखा। बच्चों में से एक ने बताया कि उसके पिता ने मां को मार दिया है। इसके बाद ग्रामीण मुंडा को सूचना दी गई और ग्रामीण मुंडा ने पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने मंगलवार को बताया कि घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित करण पड़िया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
