ICC T20 World Cup: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम फाइनल में, दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हराया

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बना ली। ईडन गार्डेन्स, कोलकाता में खेले गए मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन बनाए।

जवाब में न्यूजीलैंड ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को मात्र 12.5 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। ओपनर फिन एलन ने तूफानी शतक जड़ते हुए मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। उनके साथ टिम सेफर्ट ने भी शानदार पारी खेली। दोनों ने पावरप्ले के 6 ओवर में 84 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को बैकफुट पर धकेल दिया। पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी हुई।

सेफर्ट 33 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कगिसो रबाडा ने पवेलियन भेजा। रबाडा ही एकमात्र गेंदबाज रहे जिन्हें सफलता मिली। इसके बाद कीवी बल्लेबाजों पर कोई दबाव नहीं बन पाया और टीम ने 9 विकेट से जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार 5 हार का सिलसिला तोड़ दिया। साथ ही आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में प्रोटियाज के खिलाफ अपनी चौथी जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड इससे पहले 2021 में भी फाइनल में पहुंचा था, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सका था।

अब न्यूजीलैंड फाइनल मुकाबले के लिए कोलकाता से अहमदाबाद रवाना होगा। 8 मार्च को होने वाले खिताबी मुकाबले में उसका सामना भारत क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 मार्च को खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *