ईरान के सर्वोच्च नेता के चयन में मेरी भागीदारी होनी चाहिए: ट्रंप

वॉशिंगटन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के अगले सर्वोच्च नेता के चयन में उनकी व्यक्तिगत भागीदारी होनी चाहिए।

अमेरिकी समाचार वेबसाइट ‘एक्सियोस’ को गुरुवार को दिये एक टेलीफोन साक्षात्कार में श्री ट्रंप ने कहा कि दिवंगत ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई का ईरान का नया नेता बनना ‘अस्वीकार्य’ है। उन्होंने कहा, “इस नियुक्ति में मेरी भागीदारी होनी ही चाहिए। खामेनेई का बेटा मुझे मंजूर नहीं है।”

इसके साथ ही श्री ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरान किसी ऐसे नए नेता का चयन करता है जो ‘खामेनेई की नीतियों को ही जारी रखता है’, तो अमेरिका को ‘अगले पांच वर्षों के भीतर’ फिर से युद्ध के मैदान में उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

इससे पहले ईरान के उप विदेश मंत्री माजिद तख्त-रवांची ने मीडिया को बताया था कि हाल ही में अमेरिकी-इजरायली हमलों में श्री खामेनेई की मृत्यु के बाद, ईरान ने एक तीन सदस्यीय अंतरिम नेतृत्व परिषद का गठन किया है। यह परिषद नया सर्वोच्च नेता चुने जाने तक देश के कामकाज संभालेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *