Homeअन्तर्राष्ट्रीयNEET परीक्षा से 72 घंटे पहले राहुल गांधी के कार्यक्रम पर क्यों...

NEET परीक्षा से 72 घंटे पहले राहुल गांधी के कार्यक्रम पर क्यों मचा बवाल?

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि मात्र तीन दिन के बाद नीट की परीक्षा दोबारा संपन्न होने जा रही है। इस विषय को लेकर जहां एक तरफ सभी छात्र पूर्ण मनोयोग से परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, वहीं सरकार पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ इस पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न करने के लिए कमर कसे हुए है। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ सरकार संवेदनशीलता के साथ काम करती हुई दिखाई दे रही है, वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कुटिलता का प्रयोग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्र जीवन में भी असफल रहे, जिस कंपनी में नौकरी की वहां भी असफल रहे, कंपनी चलाई वहां भी असफल रहे और नेता के रूप में भी असफल रहे। भाजपा प्रवक्ता त्रिवेदी ने पूछा कि परीक्षा से पूर्व के आखिरी 72 घंटे, जिस समय परीक्षार्थी पूरी एकाग्रता के साथ मानसिक रूप से तनावमुक्त होकर अंतिम चरण की तैयारी करना चाहता है, उस समय कांग्रेस इस प्रकार का आयोजन करके छात्रों की एकाग्रता को भंग करके उनके मन में भय और तनाव उत्पन्न करके उन्हें मानसिक यातना क्यों देना चाह रही है? त्रिवेदी ने कहा कि जब परीक्षा दोबारा कराने का फैसला पहले ही लिया जा चुका है और न्यायपालिका भी मामले का संज्ञान ले चुकी है, तो कांग्रेस अब आखिर क्या मांग कर रही है। उन्होंने राजस्थान को विरोध का केंद्र बनाने पर भी सवाल उठाया। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान राजस्थान में 19 परीक्षा पत्र लीक हुए थे, लेकिन तब किसी एक मामले में भी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, भाजपा सरकार के पिछले ढाई वर्षों के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की रैली में छात्रों की भीड़ जुटाने के लिए छात्रावासों, पीजी और गेस्ट हाउस संचालकों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि परीक्षा से महज 72 घंटे पहले ऐसा क्यों किया जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता त्रिवेदी ने कांग्रेस पर सुनियोजित साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कांग्रेस की “टूलकिट मानसिकता” का उदाहरण है। जब दोबारा परीक्षा का निर्णय हो चुका है और न्यायालय भी इस पर संज्ञान ले चुका है तो आप किस बात की मांग कर रहे हैं? कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा में छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर सियासी बयानबाजी चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए उनपर नीट परीक्षा से ठीक तीन दिन पहले इस तरह का कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments