देवघर। श्रावणी मेला के दौरान देवघर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। इसी बीच लगातार बारिश और जगह-जगह जलजमाव के कारण ड्यूटी में तैनात जवानों के बीच मलेरिया संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। अब तक दो पुलिसकर्मियों में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है।
दो जवान मलेरिया संक्रमित, 40 के नमूने लिए गए
चाईबासा और सारंडा क्षेत्र से मेला ड्यूटी के लिए देवघर पहुंचे कुछ पुलिसकर्मियों में मलेरिया के लक्षण मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्रभावित जवानों की जांच कराई जा रही है और जिनमें संक्रमण के लक्षण सामने आ रहे हैं, उन्हें अन्य कर्मियों से अलग रखा जा रहा है।
जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार यादव ने बताया कि अभी तक दो पुलिसकर्मियों की जांच रिपोर्ट मलेरिया पॉजिटिव आई है। इसके अलावा करीब 40 पुलिसकर्मियों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। संक्रमित जवानों का इलाज शुरू कर दिया गया है। फिलहाल किसी अन्य पुलिसकर्मी की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई है।
जवानों को बांटी गई मच्छरदानियां
मेला क्षेत्र में मलेरिया संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानियां उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही मलेरिया से बचाव और संक्रमण की पहचान के लिए जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।
डॉ. अभय कुमार यादव ने बताया कि मलेरिया के संक्रमण के लक्षण तुरंत सामने नहीं आते हैं। ऐसे में मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी और पुलिसकर्मियों की स्क्रीनिंग की जा रही है, ताकि समय रहते संक्रमित लोगों की पहचान कर उनका उपचार शुरू किया जा सके और संक्रमण को आगे फैलने से रोका जा सके।
लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील
मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य विभाग को सतर्क किया गया है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों की भी लगातार निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि बुखार, ठंड लगना या मलेरिया से जुड़े अन्य लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क कर जांच कराएं।


