Homeखेलअश्मिता चालीहा ने जीता कोरिया मास्टर्स, पहली बार हासिल किया बीडब्ल्यूएफ टूर...

अश्मिता चालीहा ने जीता कोरिया मास्टर्स, पहली बार हासिल किया बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब

सियोल। भारत की अश्मिता चालीहा ने रविवार को शानदार वापसी करते हुए चीन की हान कियान शी को हराकर बीडब्ल्यूएफ कोरिया मास्टर्स 2026 का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया। यह अश्मिता के करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब है।

26 वर्षीय गुवाहाटी की अश्मिता ने चौथी वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी के खिलाफ पहला गेम 14-21 से गंवा दिया था। इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी की और लगातार दो गेम 21-14, 21-14 से जीतकर 53 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

निर्णायक गेम में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी

निर्णायक गेम में अश्मिता एक समय 9-11 से पीछे चल रही थीं। हालांकि, कोर्ट के दूसरे छोर से मिल रही अनुकूल ड्रिफ्ट का उन्होंने बेहतरीन फायदा उठाया। इसके बाद उन्होंने बचे 15 में से 12 अंक अपने नाम किए और खिताब पर कब्जा कर लिया।

मई में तीन महीने की चोट के बाद वापसी करने वाली विश्व की 50वें नंबर की अश्मिता ने बीडब्ल्यूएफ टूर पर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। वापसी के बाद अपने शुरुआती दो टूर्नामेंटों में उन्होंने चाइना मास्टर्स और मलेशिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था।

इस सत्र में खिताब से पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जून में मकाऊ ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचना था। वहां उन्हें दक्षिण कोरिया की उपविजेता पार्क गा-उन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

अकेची और रक्षिता को हराकर फाइनल में पहुंचीं

राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, गुवाहाटी में पार्क ताए-सांग के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेने वाली अश्मिता ने कोरिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान की हिना अकेची को हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने अपनी हमवतन रक्षिता रामराज को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।

कोरिया मास्टर्स का खिताब भारत के लिए लगातार दूसरा महिला एकल बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब है। इससे पहले पिछले सप्ताह तन्वी शर्मा ने ताइपे ओपन का खिताब जीता था।

अश्मिता और तन्वी अब उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने महिला एकल में बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब जीता है। इस सूची में साइना नेहवाल, पी.वी. सिंधु और देविका सिहाग भी शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments