काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से जारी रसोई गैस (एलपीजी) की कमी अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन (एनओसी) के अनुसार, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) से गैस का आयात बढ़ने और वितरण व्यवस्था सुचारु किए जाने के बाद बाजार में आपूर्ति सामान्य होने लगी है। एनओसी ने 15 जुलाई से 14.2 किलोग्राम वाले पूरे सिलेंडर की बिक्री दोबारा शुरू की थी। इसके बाद अचानक मांग बढ़ने से कई इलाकों में गैस की कमी पैदा हो गई थी।
एनओसी के एलपी गैस विभाग के निदेशक बिनितमणि उपाध्याय ने बताया कि 7.1 किलोग्राम के आधे सिलेंडर से फिर पूर्ण सिलेंडर के वितरण की व्यवस्था शुरू होने के शुरुआती दिनों में आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया था। हालांकि अब बिक्री और वितरण व्यवस्था स्थिर हो रही है। उन्होंने बताया कि आईओसी की रिफाइनरियों से रोजाना 100 से अधिक गैस बुलेट लोड किए जा रहे हैं। अधिकतम एक सप्ताह के भीतर देश में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है। उन्होंने उपभोक्ताओं से जरूरत से ज्यादा सिलेंडर जमा नहीं करने की अपील की है।
आधे सिलेंडर की जगह पूरे सिलेंडर की मांग बढ़ी
पश्चिम एशिया में तनाव और संभावित संकट के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एनओसी ने 10 मार्च से केवल 7.1 किलोग्राम के आधे सिलेंडर वितरित करने शुरू किए थे। हालांकि उपभोक्ताओं ने आधे सिलेंडर में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। एलपी गैस उद्योग संघ के अध्यक्ष कृष्ण भक्त श्रेष्ठ के अनुसार, कई लोगों ने पूरे सिलेंडर की बिक्री दोबारा शुरू होने की उम्मीद में आधे सिलेंडर अपने पास ही रख लिए। इसके बाद जब पूरे सिलेंडर की बिक्री शुरू हुई तो बाजार में अचानक मांग बढ़ गई और आपूर्ति पर दबाव पैदा हो गया।
उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री गौरी यादव ने बताया कि आगामी बड़े त्योहारों को देखते हुए सरकार अगले तीन महीनों के लिए भारत से नेपाल आने वाले गैस के कोटे को बढ़ाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर भी पहल कर रही है। नेपाल में फिलहाल 58 एलपी गैस उद्योग संचालित हैं। इनकी कुल भंडारण क्षमता 10,166 मीट्रिक टन है।
कालाबाजारी के नहीं मिले प्रमाण, 500 से ज्यादा शिकायतें सुलझीं
गैस वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एनओसी और उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्रालय ने बाजार की निगरानी तेज कर दी है। शनिवार को मंत्री गौरी यादव और एनओसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बालाजू स्थित नेपाल गैस उद्योग तथा टेकू के कई वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया। एनओसी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कृत्रिम कमी या कालाबाजारी के कोई प्रमाण नहीं मिले।
गैस नहीं मिलने की उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए निगम ने त्वरित प्रतिक्रिया टीम भी गठित की है। यह टीम अब तक 500 से अधिक शिकायतों का समाधान कर चुकी है। एनओसी का कहना है कि आयात बढ़ने और वितरण व्यवस्था में सुधार के साथ आने वाले दिनों में गैस की उपलब्धता और बेहतर होने की उम्मीद है।


