रांची में यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता अभियान, बाइक रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन

रांची। आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रांची में यातायात पुलिस ने रविवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत लोगों को सड़क पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट पहनकर बाइक चलाने, कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, ट्रिपल राइडिंग नहीं करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा तेज और लापरवाही से गाड़ी नहीं चलाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने से होने वाले हादसों और नुकसान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के तहत शहर में बाइक रैली भी निकाली गई। यह रैली बिरसा चौक से शुरू होकर अरगोड़ा चौक होते हुए फिरायालाल चौक तक पहुंची। इस दौरान आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर भी लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।

यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर चलाया गया, जबकि यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने पूरे कार्यक्रम का संचालन किया।

इस मौके पर रांची नगर क्षेत्र के कई पुलिस उपाधीक्षक, यातायात पुलिस के अधिकारी, स्थानीय थाना प्रभारी, ट्रैफिक प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *