रांची : रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से एडिप योजना के तहत दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया।
सीसीएल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में सेठ ने 68 लाख रुपये की लागत से 1063 सहायक उपकरण वितरित किया
इसमें बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, मल्टी स्पोर्ट्स व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, कमोड चेयर, नी-ब्रेस, एलएस बेल्ट, सिलिकॉन कुशन, फोल्डिंग व्हीलचेयर और वॉकिंग स्टिक शामिल हैं।
मौकेे पर संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विचार है कि जब समाज का हर वर्ग आगे बढ़ेगा, तभी सच्चे अर्थों में विकास संभव होगा। इसलिए उन्होंने दिव्यांगजनों के जीवन को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण वितरण की यह पहल न केवल दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में समान अवसर और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के संकल्प को भी मजबूत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य है कि हर दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बने और अपने सपनों को साकार कर सके। इसके लिए उन्हें हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में विधायक सीपी सिंह, भाजपा रांची पूर्वी ग्रामीण जिलाध्यक्ष धीरज महतो सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी सहित अन्य मौजूद थे।
