मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान औरंगाबाद जिले को दी 678 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में औरंगाबाद जिले के बारूण नगर पंचायत के वार्ड नंबर-03 में आयोजित जल-जीवन-हरियाली अभियान अंतर्गत टर्न की के आधार पर औरंगाबाद (24,935 परिवारों), डिहरी एवं सासाराम शहरों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने के कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल आपूर्ति कार्य की प्रगति की मुख्यमंत्री को जानकारी दी। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

इन योजनाओं में देव नगर पंचायत में रिंग रोड का निर्माण, विशुनपुर कैनाल का निर्माण, राष्ट्रीय उच्च पथ पर ट्रामा सेंटर का निर्माण, औरंगाबाद शहर में अदरी नदी पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट कार्य, मदनपुर प्रखंड के चांद बिगहा ग्राम में केशहर नदी पर चेकडैम का निर्माण, नगर पंचायत देव में अवस्थित सूर्य मंदिर के समीप सूर्य कुंड एवं रूद्र कुंड परिसर से एच०एच०-101 तक ग्रीन फिल्ड संपर्क पथ का निर्माण, औरंगाबाद जिले के मदनपुर, औरंगाबाद, नवीनगर, असपुरा, गोह, ओबरा एवं दाउदनगर सहित कुल 7 प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण, औरंगाबाद जिले में स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स एवं स्टेडियम का निर्माण कार्य, 2 लेन रफीगंज बाजार पथ का निर्माण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी विकास योजनाओं का काम समय सीमा के अंदर ठीक ढंग से पूरा कराएं। इन सभी योजनाओं के पूरा हो जाने के बाद इलाके की और अधिक तरक्की होगी, जिसका फायदा लोगों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बारूण के मुंशी बिगहा में औरंगाबाद जिला अंतर्गत 678 करोड़ रुपये की लागत से 262 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

इनमें 123 करोड़ रुपये की लागत से 142 योजनाओं का उद्घाटन तथा 555 करोड़ रुपये की लागत से 120 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 6,754 जीविका स्वयं सहायता समूह के खाते में 100 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना का सांकेतिक चेक, समग्र भैंस पालन योजना-समग्र गव्य विकास योजना का सांकेतिक चेक, कुशल युवा कार्यक्रम का प्रमाण पत्र,

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, दिव्यांगजनों को बैटरी चलित ट्राई साइकिल की चाभी लाभुकों को प्रदान किया। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आपके द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक काम कराए गए हैं। इसके लिए हम सभी आपके आभारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी जीविका दीदियों को बधाई है। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रही हैं। आगे भी पूरे बुलंदी के साथ काम करते रहिए, राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, लघु जल संसाधन सह औरंगाबाद जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन, विधायक चेतन आनंद, विधायक प्रमोद कुमार सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, विधायक ललन राम, विधायक प्रकाश चंद्र, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, औरंगाबाद की जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक अम्बरीश राहुल सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *