कोडरमा। विश्व जल दिवस के अवसर पर रविवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, झुमरीतिलैया के सौजन्य से जल महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया तथा उन्हें जल दिवस के अवसर पर तैयार किए गए स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान किए गए। तत्पश्चात विधायक डॉ. नीरा यादव, उपायुक्त ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव एवं उप विकास आयुक्त रवि जैन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान कलादल की ओर जल महोत्सव के अंतर्गत जल संरक्षण विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
नाटक के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि पानी का अनावश्यक दुरुपयोग न करें, जल की उपयोगिता को समझें तथा प्रत्येक बूंद के महत्व को पहचानें। जल ही जीवन है का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। अपने संबोधन में विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि जल संरक्षण के उपायों को दैनिक जीवन में अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा, जल है तो कल है, अर्थात जल के बिना भविष्य सुरक्षित नहीं है। उन्होंने वर्षा जल संचयन पर जोर देते हुए सभी से अपने घरों में सोक पिट बनाने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जल संरक्षण में जल सहिया दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, क्योंकि वे समाज के बीच जागरूकता फैलाने का कार्य करती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जल स्रोतों के संरक्षण एवं निर्माण पर विशेष ध्यान दें तथा जल संबंधी समस्याओं, जैसे खराब चापाकल या हैंडपंप की सूचना समय पर दें, ताकि शीघ्र मरम्मत की जा सके।
जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है, इसलिए जल का संरक्षण और बचत हम सभी की जिम्मेदारी है। उप विकास आयुक्त रवि जैन ने बताया कि विश्व जल दिवस 2026 का थीम जल एवं लैंगिक समानता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि जहां जल की उपलब्धता होगी, वहां समानता भी सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. नीरा यादव, उपायुक्त ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव एवं उप विकास आयुक्त रवि जैन द्वारा जल सहियाओं के बीच जल स्रोतों की जांच के लिए किट का वितरण किया गया।
अंत में विधायक ने उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। शपथ में पानी के विवेकपूर्ण उपयोग, प्रत्येक बूंद के संचयन, ‘कैच द रेन’ अभियान को बढ़ावा देने तथा परिवार, मित्रों एवं समाज को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता अनुज सिन्हा, सहायक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में जल सहिया दीदियां उपस्थित रहीं।
