राँची। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज झारखण्ड मंत्रालय में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) विभाग की सचिव श्रीमती पूजा सिंघल एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री अरवा राजकमल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आगामी 08 एवं 09 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले दो दिवसीय “राष्ट्रीय परामर्श सम्मेलन (नेशनल स्टेक होल्डर्स कंसल्टेशन)” में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया। इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव श्री राजीव लोचन बक्शी भी उपस्थित रहे।
IT, AI और औद्योगिक विकास का खिंचेगा रोडमैप
झारखण्ड सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में राज्य के कोर थीम “एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज” और ‘झारखण्ड विज़न 2050’ के दीर्घकालिक लक्ष्यों को धरातल पर उतारने की रणनीति बनेगी। बदलते परिवेश को देखते हुए राज्य सरकार इस मंच पर Jharkhand AI Policy, Investment Promotion Policy, Tourism Policy, Textile Policy, JIADA Regulations और PPP Policy का कांसेप्ट पेपर प्रारूप के तौर पर जारी करेगी, ताकि वैश्विक निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण सुझाव लिए जा सकें।
एमओयू (MoU) और नए डिजिटल पोर्टल्स की होगी शुरुआत
दो दिनों तक चलने वाले इस उच्चस्तरीय आयोजन में देश-विदेश के कई बड़े नीति निर्धारक और कॉर्पोरेट लीडर्स जुटेंगे। पहले दिन जहां डिजिटल गवर्नेंस, आईटी पार्क और ‘झारखण्ड में एआई (AI) का भविष्य’ जैसे विषयों पर मंथन और बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) बैठकें होंगी, वहीं दूसरे दिन राज्य की समृद्ध पर्यटन क्षमताओं और औद्योगिक निवेश पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राज्य के विकास को गति देने के लिए कई बड़े औद्योगिक घरानों के साथ महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) साइन किए जाएंगे और नए दूरदर्शी डिजिटल पोर्टल्स का आधिकारिक शुभारंभ भी होगा। कार्यक्रम का समापन झारखण्ड की समृद्ध कला-संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले भव्य सांस्कृतिक आयोजन के साथ होगा।
