टाटानगर में बहुविषयक रेल प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन, कौशल विकास को मिलेगी नई दिशा

पूर्वी सिंहभूम। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत चक्रधरपुर रेल मंडल के टाटानगर रेलवे स्टेशन के बागबेड़ा क्षेत्र में सोमवार को नवस्थापित बहुविषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान (एमडीटीआई) का उद्घाटन किया गया। महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने फीता काटकर संस्थान की शुरुआत की और इसे रेलवे कर्मचारियों के कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस नए प्रशिक्षण संस्थान की विशेषता इसका बहुविषयक स्वरूप है, जहां रेलवे के विभिन्न विभागों इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल तथा सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन के कर्मचारियों को एक ही परिसर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले इन विभागों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र संचालित होते थे, लेकिन अब यह सुविधा एकीकृत रूप में उपलब्ध होगी। अधिकारियों के अनुसार, आधुनिक तकनीकों के बढ़ते उपयोग के बीच कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना समय की आवश्यकता है, जिसे यह संस्थान पूरा करेगा।

उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में अनिल कुमार मिश्रा ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गति शक्ति योजना के तहत स्टेशन के आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है और अगले लगभग ढाई वर्षों में यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्टेशन भवन उपलब्ध होगा।

इसके अलावा खड़गपुर-हावड़ा और चांडिल-गम्हरिया रेलखंड के बीच चौथी लाइन निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है, जिस पर जल्द काम शुरू होने की संभावना है। रेल यातायात को और सुगम बनाने के लिए टाटानगर यार्ड के पुनर्गठन की योजना भी तैयार की गई है, जिसका कार्य मई महीने से शुरू हो सकता है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार और देरी में कमी आने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के अंत में चक्रधरपुर मंडल के अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण संस्थान रेलवे की सुरक्षा, दक्षता और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *