प्रेमिका के घरवालों ने दूरी बनाने को कहा तो मार दी गोली, मौत। जाने पूरी बात…

सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाटोली गांव में शनिवार तड़के एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी. परिजन उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया. हालांकि रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया.

मृतक युवती की पहचान नवाटोली गांव निवासी मोहम्मद हुसैन की 22 वर्षीय पुत्री जेबा परवीन के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार गोली युवती के सिर में लगी थी. युवती की मां स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और राशन दुकान चलाती हैं. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में शोक का माहौल है.

शादी तय होने के बाद दूरी बनाने को कहा था

घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पुलिस इस वारदात को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है. पुलिस के अनुसार मामला एक युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग का है जिसे लेकर पूर्व में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और बहस भी हुई थी.

युवती के परिजनों ने आरोपी युवक को समझाया था कि जेबा की शादी तय हो चुकी है इसलिए वह उससे दूरी बना ले. इस बातचीत के कुछ समय बाद ही गोलीबारी की यह वारदात हो गई. कोलेबिरा थाना प्रभारी हर्ष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *