HomeBreaking NewsMGCU के शोधार्थी डॉ बैकुंठ वैज्ञानिक पद पर चयनित

MGCU के शोधार्थी डॉ बैकुंठ वैज्ञानिक पद पर चयनित

मोतिहारी

महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि विश्वविद्यालय के शोधार्थी डॉ. बैकुंठ कुमार यादव का चयन झारखंड स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, देवघर के सामुदायिक चिकित्सा विभाग में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) परियोजना के अंतर्गत वैज्ञानिक पद पर हुआ है।

डॉ. बैकुंठ कुमार यादव ने अपना पीएचडी शोधकार्य विश्वविद्यालय के प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. प्रणवीर सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया। उनका चयन “टेलीपैथोलॉजी एडेड हेल्थ इन्फॉर्मेशन सिस्टम (THIS) फॉर अर्ली डायग्नोसिस ऑफ एक्स्ट्रापल्मोनरी ट्यूबरकुलोसिस (EPTB)” परियोजना के अंतर्गत हुआ है। यह परियोजना एक्स्ट्रापल्मोनरी तपेदिक (EPTB) के शीघ्र एवं प्रभावी निदान हेतु आधुनिक तकनीक आधारित स्वास्थ्य सूचना प्रणाली विकसित करने पर केंद्रित है।

यह परियोजना स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ तपेदिक जैसी गंभीर बीमारी के प्रारंभिक पहचान एवं उपचार को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। डॉ. यादव की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार एवं गुणवत्तापूर्ण अकादमिक वातावरण की उत्कृष्ट परंपरा को भी प्रतिबिंबित करती है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने डॉ. बैकुंठ कुमार यादव को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के शोधार्थियों की राष्ट्रीय स्तर पर हो रही उपलब्धियाँ संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं शोध उत्कृष्टता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. यादव भविष्य में भी अपने कार्यों से विश्वविद्यालय एवं देश का नाम गौरवान्वित करेंगे। विश्वविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, शोधार्थियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. बैकुंठ कुमार यादव को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments