कैब में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार

नोएडा : उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना सूरजपुर पुलिस ने टैक्सी चालकों और राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। अनकी पहचान उन्नाव जनपद के निवासी अंकित सिंह (19), बुलंदशहर जनपद के दीपांशु (19), तरुण ठाकुर (19) व मोहित राजपूत (19) और नोएडा के गढ़ी शहदरा सेक्टर-142 के नवाब भाटी उर्फ संदीप भाटी (23) के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके कब्जे से 20 मोबाइल फोन, दो कारें, चार हजार रुपये, तमंचे, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं। आरोपी छह माह से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर में देर रात लिफ्ट देने के बहाने राहगीरों व टैक्सी चालकों से लूटपाट करते थे। वे अबतक 20 से अधिक वारदात को अंजाम दे चुके हैं।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राहगीरों को गाड़ी में बैठाकर मारपीट कर आरोपित उनसे मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे। सड़क पर जानबूझकर लापरवाही से यह लोग वाहन चलाते थे। अगर कोई इनको मना करता था तो उसे रोक कर उसके साथ मारपीट कर लूटपाट करते थे। 16 मई को तड़के भी आरोपितों ने ईटा-1 क्षेत्र में टैक्सी चालक से मारपीट कर मोबाइल फोन, 5000 रुपये नकद तथा कार की चाबी लूट ली थी। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

वारदातों को अंजाम देने के लिए आरोपित अक्सर किराये पर गाड़ियां लेते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल वेन्यू और थार कार भी बरामद की है। पुलिस आरोपितों के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। आरोपित मोहित राजपूत पर पहले से दादरी और सूरजपुर थानों में कई मामले दर्ज हैं। नवाब, अंकित, तरुण और दीपांशु के खिलाफ भी लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले पूर्व मे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *