UP में राहुल का बड़ा हमला… मोदी-शाह पर दिए बयान से गरमाई राजनीति

रायबरेली। राहुल गांधी अपने उप्र दाैरे के दूसरे दिन बुधवार को यहां लोधवारी में शहीद वीरा पासी की प्रतिमा के लोकार्पण के बाद आयोजित बहुजन स्वाभिमान सभा को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के लिए कुछ आपत्तिजनक शब्द भी बोले। राहुल गांधी ने कहा कि देश में महात्मा गांधी व अंबेडकर की जरूरत है। इन लोगों ने संविधान को फाड़ के फेंक दिया है। मनरेगा बंद कर दिया। विश्वविद्यालयों में अपने चांसलर बैठा दिए, जिन्हें कुछ नहीं आता है। वे केवल संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि महंगाई बढ़ रही है। आर्थिक व्यवस्था ध्वस्त हो रही है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश घूम रहे हैं। वह दूसरों को विदेश जाने से रोक रहे हैं। जब निर्णय लेने का समय है तो जनता को छोड़कर बाहर घूम रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि हमेशा की तरह फ़िर प्रधानमंत्री कहेंगे कि उनकी गलती नहीं है। जबकि आर्थिक तूफ़ान आनेवाला है, जिसे आप सभी को ही भुगतना पड़ेगा। हिन्दुस्तान की सरकार और प्रधानमंत्री आप को बचा नहीं पाएंगें। स्थानीय सांसद गांधी ने लोगों से कहा कि अब चुप रहने का समय नहीं है। उठ खड़े होने का समय है। आवाज़ उठाने की ज़रूरत है। इससे पहले राहुल गांधी ने अमर शहीद वीरा पासी की प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, सांसद तनुज पुनिया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के पहले राहुल गांधी ने भुएमऊ स्तिथ गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं व आमजन से मुलाकात की। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने को कहा व आमजन की समस्याओं को सुनकर निराकरण का आश्वासन दिया। राहुल ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों, प्रतिनिधिमंडलों व आमजन से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया को दूर रखा गया। बाहर मिलने वालों का जमावड़ा लगा रहा। एक-एक व्यक्ति को अंदर भेजा गया।राहुल गांधी से मिलने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अतुल सिंह ने बताया कि जिले की चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर राहुल गांधी से चर्चा हुई है। इस पर उन्होंने जिलाधिकारी से बात की और जल्द निराकरण करने को कहा है। इसके अलावा महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने महिलाओं को सम्मान दिलाने का वादा किया है। सुलतानपुर से आये किसान नेता ने किसानों की समस्याओं को राहुल गांधी के सामने उठाया और संसद में उनकी आवाज़ उठाने की मांग की। लख़नऊ से आये क्रिकेट खिलाड़ी अभिषेक ने जिला लेवल पर खेल रहे प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी रोज़गार देने की मांग की। कांग्रेस नेता अम्बरीष बाजपेयी, इंजीनियर केसी शुक्ला सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। इसके बाद वह अमेठी के लिए रवाना हो गए। लाेकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वैचारिक संगठनों ने मिलकर संविधान को खत्म कर दिया है। हर जगह इनके वैचारिक संगठन के लोगों ने कब्जा कर रखा है। अब संविधान को बचाने की जिम्मेदारी आप सब की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *