विभिन्न मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

भोपाल : मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का आरोप है कि 30 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में उन्हें नियमित किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसे लेकर कर्मचारियों में व्यापक असंतोष व्याप्त है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सामान्य प्रशासन विभाग की वर्ष 2023 की नीति के अनुरूप राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) और स्वास्थ्य बीमा सुविधा का लाभ देना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने अन्य राज्यों की तर्ज पर प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि और नियमित कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता देने की मांग भी उठाई है।

संविदा कर्मियों ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों के वेतन और प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीबीआई) के बीच समन्वय स्थापित करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि जब तक “समान काम के लिए समान वेतन” का सिद्धांत लागू नहीं किया जाता, तब तक वे ‘सार्थक एप’ का पूर्ण बहिष्कार जारी रखेंगे।

हड़ताली कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *