Homeझारखंड20 जुलाई से चार दिवसीय झारखंड दौरे पर रहेंगे कांग्रेस प्रभारी के....

20 जुलाई से चार दिवसीय झारखंड दौरे पर रहेंगे कांग्रेस प्रभारी के. राजू

रांची। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू 20 से 23 जुलाई तक चार दिवसीय झारखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठनात्मक मजबूती, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान और पार्टी की रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने शनिवार को बताया कि के. राजू 20 जुलाई की सुबह रांची पहुंचेंगे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से वे सीधे स्टेट गेस्ट हाउस जाएंगे, जहां चार दिनों तक ठहरेंगे।

20 जुलाई को मीडिया, विधायकों और निर्वाचन अधिकारी से बैठक

20 जुलाई को सुबह 11:30 बजे के. राजू प्रदेश कांग्रेस के मीडिया और सोशल मीडिया विभाग के साथ बैठक करेंगे। इसमें एसआईआर प्रक्रिया को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद दोपहर एक बजे विधायकों के साथ विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा बैठक होगी।

दोपहर तीन बजे वे पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ धुर्वा स्थित निर्वाचन सदन जाकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को एसआईआर से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपेंगे। शाम 6:30 बजे खूंटी और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों, उपाध्यक्षों और प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे।

21 और 22 जुलाई को संगठनात्मक समीक्षा

21 जुलाई को के. राजू कांग्रेस कोटे के मंत्रियों, कैंपेन कमेटी, एसआईआर कमेटी, जेपीसीसी सचिवों और रांची लोकसभा क्षेत्र के जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे।

22 जुलाई को वे रांची के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करेंगे। इसके बाद खूंटी लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को प्रदेश अध्यक्ष, विधायक दल के नेता, संगठन महासचिव और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यापक संगठनात्मक समीक्षा बैठक होगी।

23 जुलाई को दिल्ली लौटेंगे

चार दिवसीय कार्यक्रम पूरा करने के बाद के. राजू 23 जुलाई को रांची से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments