‘अल्फा’ विवाद पर बोले बॉबी देओल, आलिया भट्ट संग अनबन की खबरों को बताया अफवाह

मुंबई : अभिनेता बॉबी देओल ने फिल्म ‘अल्फा’ की शूटिंग के दौरान आलिया भट्ट के साथ कथित विवाद की खबरों पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही ऐसी खबरों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है और दोनों कलाकारों के बीच किसी तरह का तनाव नहीं था।

हाल ही में एक बातचीत के दौरान बॉबी देओल ने बताया कि जब उनके एक दोस्त ने उन्हें इस कथित विवाद से जुड़ा स्क्रीनशॉट भेजा तो वह खुद भी हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि आजकल बिना किसी तथ्य या पुष्टि के लोग कुछ भी लिख देते हैं और अफवाहें तेजी से फैल जाती हैं।

बॉबी ने आलिया भट्ट की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें बेहद मेहनती और प्रोफेशनल अभिनेत्री बताया। उन्होंने कहा कि आलिया ने फिल्म के एक्शन और फाइट सीक्वेंस के लिए काफी मेहनत की है और शूटिंग के दौरान उनका पूरा ध्यान अपने काम पर रहा। बॉबी के अनुसार, सेट पर आलिया का व्यवहार हमेशा सकारात्मक और समर्पित रहा।

उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली हर बात सच नहीं होती और वह हर अफवाह का जवाब देकर खुद को सही साबित करने में विश्वास नहीं रखते। उनके मुताबिक कलाकारों को अपने काम पर ध्यान देना चाहिए, न कि बेबुनियाद चर्चाओं पर।

गौरतलब है कि यशराज फिल्म्स के स्पाय यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है। यह स्पाय यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान एक्शन फिल्म होगी, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदार निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *