करंट लगने से तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, पंखे की केबल बनी हादसे की वजह

फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। घर में खेलते समय बच्चे ने फर्राटा पंखे की विद्युत केबल पकड़ ली, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, असोथर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मजरे रिठवां गांव निवासी संदीप कुमार का पुत्र राघवेंद्र सिंह (3 वर्ष) सुबह करीब सात बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसने कमरे में चल रहे फर्राटा पंखे की केबल पकड़ ली। केबल में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गया।

परिजन बच्चे को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। मां शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

बताया जा रहा है कि परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने कहा कि पुलिस को इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। यदि शिकायत या तहरीर प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *