जहां किसानों पर अंग्रेज जुल्म करते थे वह जगह बन गया है कृषि धाम : राधामोहन सिंह

मोदी सरकार के 12 साल पूरे, सांसद ने पिपराकोठी कृषि संस्थानों का किया अवलोकन

मोतिहारी।
मोदी सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रही ‘प्रगति पथ यात्रा’ के तहत पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री और सांसद राधा मोहन सिंह ने गुरुवार को पिपराकोठी पहुंचकर दो प्रमुख कृषि संस्थानों का दौरा किया। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र और महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान का निरीक्षण किया।

श्री सिंह ने कहा कि 12 साल पहले पिपराकोठी स्थित महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान का 101 एकड़ इलाका श्मशान जैसा दिखाई देता था। अंग्रेजों के समय यहां किसानों पर जुल्म होते थे। लेकिन मोदी सरकार बनने के बाद यह स्थान अब ‘कृषि धाम’ के रूप में विकसित हो चुका है।

उन्होंने बताया कि यह संस्थान अब कृषि अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक खेती का अहम केंद्र बन गया है। यहां किसानों की आय बढ़ाने, जल-मृदा संरक्षण, जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार अनुसंधान और प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहे हैं।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में कृषि क्षेत्र में बड़े बदलाव आए हैं। किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, फसल बीमा योजना और कृषि अवसंरचना विकास जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिला है। पिपराकोठी का कृषि विज्ञान केंद्र इन योजनाओं को जमीन पर उतारने का उत्कृष्ट उदाहरण है।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सह मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार और पिपरा विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *