सीवान। जिले में फरार और कुख्यात अपराधियों के खिलाफ सीवान पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा के निर्देश पर पांच वांछित अपराधियों पर कुल 85 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है।
इन अपराधियों पर घोषित हुआ इनाम
पुलिस के अनुसार सिसवन थाना क्षेत्र के भदौर निवासी प्रिंस भारती पर सबसे अधिक 30 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। वह हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित है।
सिसवन थाना क्षेत्र के गुदरी हाता निवासी निखिल कुमार यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वह हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहा है।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल निवासी सोनू कुमार उर्फ कृष्णा राज पर 15 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। उसके खिलाफ हत्या, शराब तस्करी और अन्य गंभीर मामलों के कई केस दर्ज हैं।
असांव थाना क्षेत्र के पचबेनिया निवासी रिंकू पांडेय उर्फ रत्नेश कुमार पांडेय पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, अवैध हथियार और शराब तस्करी समेत 25 से अधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं मैरवा थाना क्षेत्र के इमनौली निवासी नौलखा यादव उर्फ नौलखवा पर पांच हजार रुपये का इनाम रखा गया है। वह हत्या के एक मामले में फरार चल रहा है।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
एसपी पुरन कुमार झा ने कहा कि इन अपराधियों के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना निकटतम थाना या सीवान जिला पुलिस कंट्रोल रूम को दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इश्तेहार, कुर्की, इनाम घोषणा और स्पीडी ट्रायल जैसी सभी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिले में कानून का राज स्थापित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
