जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 19 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि सोमवार को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट के बावजूद अपेक्षित बारिश नहीं हुई और लोगों को गर्मी तथा उमस का सामना करना पड़ा।
40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
सोमवार को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में दिनभर गर्मी और उमस बनी रही। बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दोपहर बाद करौली, सवाई माधोपुर और दौसा के कुछ इलाकों में बादल छाए और हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।
प्री-मानसून बारिश सामान्य से 41 प्रतिशत अधिक
इस वर्ष राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां बेहतर रही हैं। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक जून से 21 जून के बीच प्रदेश में सामान्य से 41 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
जहां इस अवधि में सामान्य औसत वर्षा 28 मिलीमीटर होती है, वहीं इस बार अब तक 39.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। इससे कई क्षेत्रों में जलस्तर और खेती को लाभ मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में कई जिलों में तेज हवाएं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
