रांची। झारखंड के फोटो जर्नलिस्टों के बीच रविवार को बरियातू स्थित बुद्धा फाउंडेशन परिसर में आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच में फॉक्स-11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लैंसमैन-11 को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। 11-11 ओवर के इस मुकाबले में खिलाड़ियों ने खेल भावना और आपसी सौहार्द का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।
लैंसमैन-11 ने बनाए 102 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लैंसमैन-11 ने निर्धारित 11 ओवर में 102 रन बनाए। टीम के कप्तान मनोरंजन कुमार सिंह ने सर्वाधिक 45 रन की शानदार पारी खेली। अमित दास ने 17 रन का योगदान दिया, जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
रूपेश नारायण की नाबाद पारी से फॉक्स-11 की जीत
103 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए फॉक्स-11 ने 10.3 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। टीम की ओर से रूपेश नारायण ने नाबाद 48 रन की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को आसान जीत दिलाई। उनकी दमदार बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह फॉक्स-11 के पक्ष में कर दिया।
इन खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार
प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। रूपेश नारायण को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। लैंसमैन-11 के कप्तान मनोरंजन कुमार सिंह को ‘बेस्ट बल्लेबाज’, राजकुमार को ‘बेस्ट गेंदबाज’ तथा बॉबी को ‘बेस्ट फील्डर’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।
गणमान्य लोगों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मैच के दौरान कांग्रेस नेता अजय नाथ शाहदेव, रांची नगर निगम की मेयर रौशनी खलखो, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को आपसी भाईचारा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने वाला बताया।
