वाशिंगटन। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट जल्द ही अपना पद छोड़ेंगी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। ट्रंप ने बताया कि लेविट महीने के अंत में पद से विदा होंगी और इसके बाद अपना अधिक समय परिवार और छोटे बच्चों के साथ बिताएंगी।
ट्रंप ने लेविट को अपनी सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल बताते हुए उनके फैसले का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि लेविट आगे भी उनकी बाहरी सलाहकारों की प्रमुख टीम का हिस्सा रहेंगी और रिपब्लिकन पार्टी में प्रभावशाली भूमिका निभाएंगी। वह मध्यावधि चुनाव में भी पार्टी के लिए काम करेंगी। ट्रंप ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने व्हाइट हाउस में शानदार काम किया है।
बेटी के जन्म के बाद लिया फैसला
28 वर्षीय लेविट व्हाइट हाउस के इतिहास में सबसे कम उम्र की प्रेस सेक्रेटरी हैं। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में वह उनके सबसे प्रभावशाली और करीबी अधिकारियों में शामिल रहीं। उन्होंने राष्ट्रपति और उनकी नीतियों का मजबूती से बचाव किया तथा पत्रकारों के तीखे सवालों का भी सामना किया।
लेविट ने ट्रंप की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर कहा कि बेटी के जन्म के बाद व्हाइट हाउस लौटने पर उन्हें महसूस हुआ कि उन्हें एक बेहतर मां बनने के लिए कुछ फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस छोड़ने का फैसला उन्हें खुशी और दुख दोनों दे रहा है। उल्लेखनीय है कि 1 मई को बेटी के जन्म के बाद उन्होंने करीब एक महीने की छुट्टी ली थी।
लेविट ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप की भरोसेमंद सहयोगी के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। 2026 के मध्यावधि चुनाव को देखते हुए उनके व्हाइट हाउस से बाहर आने के बाद भी रिपब्लिकन पार्टी में उनकी सक्रिय भूमिका रहने की संभावना है। हालांकि, व्हाइट हाउस में उनकी जगह कौन लेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।


