HomeBreaking Newsबालाघाट में रहस्यमयी बीमारी से आठ बच्चों की मौत, कारण तलाश रहे...

बालाघाट में रहस्यमयी बीमारी से आठ बच्चों की मौत, कारण तलाश रहे डॉक्टर

भोपाल। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के आदिवासी इलाकों में अज्ञात बीमारी से 26 जून से अब तक आठ बच्चों की मौत हो चुकी है। मंगलवार रात भी एक बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबलपुर मेडिकल कॉलेज और बालाघाट के डॉक्टरों की टीम प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुकी है, लेकिन अब तक बीमारी की वजह सामने नहीं आ सकी है।

बालाघाट की अडोरी और मछुरदा पंचायत के बैगा बहुल गांवों में पिछले दो महीने से सैकड़ों बच्चे बीमार हुए हैं। तीन वर्षीय प्रियंका धुर्वे को 9 अगस्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 11 अगस्त की रात उसकी मौत हो गई। सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन के अनुसार, बच्ची कई बीमारियों से पीड़ित थी।

पुणे भेजे गए जांच के नमूने

जबलपुर से पहुंची चिकित्सकीय टीम ने बीमार बच्चों में निमोनिया, एनीमिया, शरीर में पानी की कमी, बुखार, खुजली, मलेरिया और किडनी पर असर जैसे लक्षण पाए हैं। बीमारी की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए नमूने पुणे की प्रयोगशाला भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सिविल सर्जन ने बताया कि 26 जून से 22 जुलाई के बीच बोंदारी निवासी भाई-बहन लमनिन और साहिल, पूजा, सचिन तथा कुंडेकसा निवासी प्रीति की मौत हुई। इसके बाद 6 अगस्त को अरविंद, 8 अगस्त को मंगली मरकाम और 11 अगस्त को प्रियंका धुर्वे की मौत हुई।

बच्चों की लगातार मौतों पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर राज्यस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और मृत बच्चों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये सहायता देने की मांग की है। उन्होंने गंभीर रूप से बीमार बच्चों को बड़े अस्पतालों में एयरलिफ्ट कराने और इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाने की भी मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments