पूर्वी सिंहभूम। शहर में बढ़ते अपराध और चरमराती कानून-व्यवस्था के खिलाफ भाजपा गोलमुरी मंडल ने बुधवार को सीपी समिति सभागार में एक महत्वपूर्ण मासिक सांगठनिक बैठक की। मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में हाल ही में हुए बिष्टुपुर के हिमांशु सिंह हत्याकांड, शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के बढ़ते कारोबार और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
मशाल जुलूस और जमशेदपुर बंद को सफल बनाने की अपील
बैठक में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और स्थानीय प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। कानून-व्यवस्था के इसी मुद्दे पर जनता की आवाज उठाने के लिए रणनीति तैयार की गई। इसके तहत 02 जुलाई की शाम को प्रस्तावित मशाल जुलूस और 03 जुलाई को आहूत ‘जमशेदपुर बंद’ को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संगठन विस्तार और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चर्चा
आंदोलन की रूपरेखा तय करने के साथ ही बैठक में आगामी सांगठनिक कार्यों पर भी विमर्श हुआ। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से मौजूद पूर्व जिलाध्यक्ष सह पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि भाजपा कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर जनता के साथ खड़ी है और सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी। जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने कार्यकर्ताओं से एसआईआर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया, जबकि मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि गोलमुरी मंडल पूरी एकजुटता के साथ लोकतांत्रिक तरीके से इस आंदोलन को सफल बनाएगा। बैठक का संचालन अशोक सामंत ने किया, जिसमें मिथिलेश सिंह यादव, हलदर नारायण साह, प्रेम झा, मंजीत सिंह सहित दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
