Homeबिहारबैजलपुर में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त: 48 घंटे का अल्टीमेटम, वरना होगी...

बैजलपुर में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त: 48 घंटे का अल्टीमेटम, वरना होगी कानूनी कार्रवाई

भागलपुर। जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत बैजलपुर पंचायत में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को अंचल अधिकारी सौरभ कुमार, अमीन महादेव दास तथा प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमित भूमि का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए थाना अध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस बल के साथ 40 बटालियन के जवान भी मुस्तैद रहे। निरीक्षण के बाद प्रशासन ने सभी अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए 48 घंटे के भीतर स्वतः अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम जारी किया है।

समय-सीमा खत्म होने पर चलेगा बुलडोजर

अधिकारियों ने दोटूक शब्दों में कहा है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद प्रशासन बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर देगा। अंचल अधिकारी सौरभ कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि को मुक्त कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या बाधा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए स्वेच्छा से सरकारी जमीन खाली कर दें।

प्रशासन के इस कड़े रुख के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और कई लोग खुद ही अपने स्तर से अतिक्रमण हटाने की तैयारियों में जुट गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि सरकारी भूमि के मुक्त होने से आम जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल सकेगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 48 घंटे की मियाद पूरी होते ही अगले दो दिनों के भीतर मुस्तैदी के साथ अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments