मुंबई। रोमांस, सस्पेंस और रहस्य से भरपूर फिल्म ‘रहूं मैं तेरे रूबरू’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में प्यार, धोखा और खौफनाक रहस्यों से भरी कहानी की झलक दिखाई गई है, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
रोमांस के साथ रहस्य का तड़का
फिल्म का निर्देशन इंद्र दास ने किया है, जबकि इसका निर्माण सुमन सौरभ ने एसएस एंटरटेनमेंट वर्ल्ड के बैनर तले किया है। फिल्म में आर्य कुमार, नीता शेट्टी और पीहू बिस्वास मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
टीजर के अनुसार कहानी एक ब्लॉगर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ छुट्टियां मनाने जाता है। उनकी खूबसूरत यात्रा उस समय डरावने मोड़ पर पहुंच जाती है, जब ब्लॉगर का जुड़वां भाई सामने आता है। इसके बाद कहानी में रहस्य, धोखे और अप्रत्याशित घटनाओं की परतें खुलने लगती हैं।
17 जुलाई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
निर्माताओं ने टीजर के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘रहूं मैं तेरे रूबरू’ 17 जुलाई, 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स का दावा है कि रोमांस और थ्रिलर का यह अनोखा मेल दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देगा।
