धनबाद। बिहार के औरंगाबाद की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी से विवाह करने के लिए गुरुवार को धनबाद के तेतुलमारी पहुंच गई। इसके बाद दोनों परिवारों और ग्रामीणों की सहमति से स्थानीय देवी मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।
मंदिर में हुई शादी
जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद (बिहार) निवासी काजल अचानक तेतुलमारी थाना क्षेत्र के पीएसबी-2 नंबर स्थित अपने प्रेमी बिट्टू के घर पहुंची। युवती के आने की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में वहां जुट गए।
स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों के परिजनों और ग्रामीणों ने आपसी सहमति से स्थानीय नवनिर्मित देवी मंदिर परिसर में दोनों का विवाह कराने का निर्णय लिया। इसके बाद विधि-विधान के साथ दोनों ने सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
ग्रामीणों ने नवदंपती को दिया आशीर्वाद
प्रेम विवाह की सूचना फैलते ही मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंच गए। विवाह संपन्न होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नवदंपती को सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
