हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आई दो सगी बहनें, एक की मौत, दूसरी गंभीर

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सहायल थाना क्षेत्र स्थित भितरा गांव में हाईवोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से दो सगी बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। इलाज के दौरान एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में शोक और विद्युत विभाग के प्रति लोगों में आक्रोश है।

छत पर खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, भितरा गांव निवासी सुशील कुमार की बेटियां अनाया और करीब 9 वर्षीय गौरी बुधवार शाम घर की छत पर खेल रही थीं। इसी दौरान छज्जे के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को कानपुर के उर्सला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान गौरी की मौत हो गई, जबकि अनाया का इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाईवोल्टेज लाइन पर सुरक्षा कवर लगाया गया होता या लाइन को हटाया गया होता तो यह हादसा टल सकता था। ग्राम प्रधान रामकिशोर उर्फ बब्बन तिवारी ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को छज्जे के ऊपर से गुजर रही लाइन हटाने के लिए लिखित अनुरोध किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और गांव में गुजर रही खतरनाक हाईवोल्टेज लाइनों को तत्काल हटाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *