सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी समेत तीन बदमाश घायल हो गए, जबकि एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये नकद, तीन अवैध तमंचे, 22 जिंदा कारतूस, एक जीप कंपास और आभूषण बरामद किए हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि चोरी और नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए जयसिंहपुर थाना पुलिस पीढ़ी टोल के पास देर रात वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध जीप कंपास में सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इनामी अपराधी समेत कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
घायलों की पहचान सीतापुर निवासी अनिकेत चौहान (50 हजार का इनामी, 52 मुकदमे), सुलतानपुर निवासी आकाश (46 मुकदमे) और सीतापुर निवासी मिथलेश चौहान (26 मुकदमे) के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपी अजय पर भी 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपितों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपितों ने आसपास के कई जिलों में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
