ट्रंप ने परिवार के कारोबार का किया बचाव, बोले- बच्चों को भी झेलनी पड़ती है जांच

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने परिवार के कारोबारी हितों का बचाव करते हुए कहा कि उनके बच्चे लंबे समय से व्यापार से जुड़े हैं और उन्हें लगातार कड़ी जांच का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद इतना प्रभावशाली होता है कि परिवार के किसी भी कारोबारी कदम को हितों के टकराव के नजरिए से देखा जाता है।

क्रिप्टो कारोबार पर दी सफाई

ट्रंप की यह प्रतिक्रिया उनकी वर्ष 2025 की वार्षिक वित्तीय प्रकटीकरण रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद आई है। रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस में वापसी के पहले वर्ष के दौरान ट्रंप ने परिवार से जुड़े क्रिप्टोकरेंसी कारोबार से 58 करोड़ डॉलर से अधिक की आय अर्जित की।

व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि उनके बच्चों का अपना स्वतंत्र जीवन और कारोबार है तथा क्रिप्टो वेंचर में कोई गैरकानूनी या गलत कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की नीतियों का असर अर्थव्यवस्था के लगभग हर क्षेत्र पर पड़ता है, इसलिए हितों के टकराव की आशंका अक्सर जताई जाती है।

राष्ट्रपति पद की ताकत पर भी बोले ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी कानून के तहत राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति को उन निर्णयों से स्वयं को अलग करना अनिवार्य नहीं है, जिनका प्रभाव उनके वित्तीय हितों पर पड़ सकता है।

साक्षात्कार के दौरान उन्होंने उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राष्ट्रपति पद और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका की वैश्विक प्रतिष्ठा फिर से बढ़ी है और अब दुनिया अमेरिका का पहले की तुलना में अधिक सम्मान कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *