मानसून के दौरान कार की विंडशील्ड और शीशों पर धुंध जमना आम समस्या है, जिससे सड़क साफ दिखाई नहीं देती और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, एयर कंडीशनर (एसी) और हीटर का सही तरीके से इस्तेमाल कर महज 30 से 60 सेकंड में इस समस्या से राहत पाई जा सकती है।
ऐसे हटाएं शीशों पर जमी धुंध
बारिश के मौसम में कार के अंदर नमी बढ़ने और बाहर की ठंडी हवा के कारण शीशों पर धुंध जम जाती है। इससे बचने के लिए कार स्टार्ट करने के बाद 30 से 60 सेकंड तक खिड़कियां हल्की खुली रखें, ताकि केबिन की नमी बाहर निकल सके। इसके बाद खिड़कियां बंद कर फ्रेश एयर मोड चालू करें और एसी के साथ हीटर का इस्तेमाल करें। इससे शीशों पर जमी नमी तेजी से साफ हो जाती है और विजिबिलिटी बेहतर हो जाती है।
यदि आपकी कार में डिफॉगर या डिफॉस्ट फीचर उपलब्ध है, तो उसका उपयोग करना सबसे आसान और प्रभावी तरीका माना जाता है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
बारिश के दौरान हीटर को रीसर्क्युलेशन मोड पर चलाने से बचें, क्योंकि इससे केबिन के अंदर की नमी बाहर नहीं निकलती और धुंध की समस्या बढ़ सकती है। हमेशा फ्रेश एयर मोड का ही इस्तेमाल करें।
यदि जलभराव वाले रास्ते से गुजरते समय कार बंद हो जाए तो उसे तुरंत दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश न करें। ऐसा करने से इंजन में हाइड्रोलॉक की समस्या आ सकती है। पहले एसी बंद करें, सुरक्षित स्थान पर वाहन ले जाने का प्रयास करें और आवश्यकता होने पर मैकेनिक या इंश्योरेंस कंपनी से संपर्क करें।
बारिश के मौसम में कम दृश्यता, फिसलन भरी सड़कें और जलभराव दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण होते हैं। इसलिए सावधानीपूर्वक वाहन चलाना और कार के सुरक्षा फीचर्स का सही उपयोग करना बेहद जरूरी है।
