थाने के पीछे महिला से चेन स्नैचिंग, सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

रांची। राजधानी रांची में बाइक सवार स्नैचरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए बरियातू थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। घटना थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित अर्पण विला, विद्यापति मार्ग के तेतर टोली गेट के पास हुई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

सब्जी खरीदकर लौट रही थी महिला

जानकारी के अनुसार, महिला सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पहले उसके आगे निकल गए। कुछ दूरी पर जाकर वे वापस लौटे और पीछे बैठे बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। महिला ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

चेन स्नैचिंग की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपी हेलमेट पहने हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बाइक के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सदर डीएसपी संजीव ने बताया कि बरियातू थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटना की सूचना मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और संदिग्ध बाइक की पहचान भी की जा चुकी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

लगातार सामने आ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *