Homeझारखंडहजारीबाग में विधायक प्रदीप प्रसाद की जनसुनवाई, जमीन, राशन और आवास से...

हजारीबाग में विधायक प्रदीप प्रसाद की जनसुनवाई, जमीन, राशन और आवास से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं

हजारीबाग। सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने शुक्रवार को कटकमदाग प्रखंड कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे। जनसुनवाई में प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

जमीन, राशन और आवास की शिकायतें सबसे ज्यादा

जनसुनवाई में अधिकांश लोगों ने भूमि विवाद, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन दिए। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से प्रखंड कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड कार्यालयों में अफसरशाही और दलालों की सक्रियता के कारण आम लोगों को परेशानी होती है।

हर महीने होगी जनसुनवाई

प्रदीप प्रसाद ने बताया कि अब प्रत्येक महीने के पहले शुक्रवार को कटकमदाग प्रखंड में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। भविष्य में जिले के अन्य प्रखंडों में भी इस तरह के कार्यक्रम शुरू करने की योजना है, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा सके।

बंद मिला शौचालय, सुधार के दिए निर्देश

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि प्रखंड कार्यालय परिसर में बना सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बंद है। निरीक्षण के दौरान शौचालय पर ताला लगा मिला। ताला खोलने पर अंदर की स्थिति जर्जर पाई गई, जहां टाइल्स और अन्य सुविधाएं क्षतिग्रस्त थीं।

इस पर विधायक ने संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को शौचालय को जल्द उपयोग योग्य बनाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और समाधान की आवश्यकता स्पष्ट रूप से सामने आई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments