रांची। भारतीय क्रिकेट को नया सितारा मिल गया है। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करते ही इतिहास रच दिया। वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
वैभव सूर्यवंशी ने 15 वर्ष 99 दिन की उम्र में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 18 दिसंबर 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ 16 वर्ष 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
आईपीएल के दमदार प्रदर्शन का मिला इनाम
वैभव ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों की 16 पारियों में 776 रन बनाए थे। वह ऑरेंज कैप विजेता और प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे। उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया। आयरलैंड सीरीज और इंग्लैंड के पहले टी-20 में मौका नहीं मिलने के बाद दूसरे मुकाबले में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।
कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के दौरान कहा कि वैभव अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह पाने के हकदार थे। मुकाबले से पहले तिलक वर्मा ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय कैप सौंपी।
दुनिया के दूसरे सबसे युवा डेब्यू करने वाले क्रिकेटर
वैभव सूर्यवंशी केवल भारत ही नहीं, बल्कि फुल मेंबर देशों की सूची में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले दुनिया के दूसरे सबसे युवा क्रिकेटर भी बन गए हैं। इस सूची में पाकिस्तान के हसन रजा 14 वर्ष 227 दिन की उम्र में शीर्ष पर हैं, जबकि वैभव 15 वर्ष 99 दिन की उम्र के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती शामिल हैं।
