एसआईआर कार्य में तेजी लाएं, तय समय-सीमा में पूरा करें लक्ष्य : उपायुक्त भजंत्री

रांची। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा को लेकर शनिवार को समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

घर-घर जाकर फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाई जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी करें और प्रतिदिन कार्य की समीक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन सुबह छह बजे से घर-घर जाकर फॉर्म का वितरण और संग्रहण करें, ताकि अधिक से अधिक मतदाता घर पर उपलब्ध मिल सकें। साथ ही दिन के दूसरे हिस्से में संग्रहित प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।

धीमी प्रगति पर नाराजगी, कारण बताओ नोटिस के निर्देश

समीक्षा के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कई ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ के कार्य पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य करना होगा।

बैठक में सभी ईआरओ, एईआरओ, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी सीडीपीओ तथा सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *