काठमांडू। नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रविवार सुबह बैंकॉक से पहुंचे एक भारतीय यात्री को 2.8 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो की टीम ने यात्री के सामान की जांच के दौरान चॉकलेट के पैकेट में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया।
चॉकलेट के पैकेट में छिपाकर लाई जा रही थी खेप
नेपाल पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी 57 वर्षीय हरि क्षेत्री के रूप में हुई है। वह थाई एयरवेज की उड़ान टीजी-309 से बैंकॉक से काठमांडू पहुंचा था।
मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो के प्रवक्ता पुलिस अधीक्षक दुर्गाराज रेग्मी ने बताया कि जांच के दौरान यात्री के सामान से 2 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे चॉकलेट के पैकेट के भीतर छिपाया गया था।
नेपाल के रास्ते कोलकाता ले जाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा की यह खेप थाईलैंड से नेपाल के रास्ते भारत के कोलकाता ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपित का पासपोर्ट और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो ने बताया कि हरि क्षेत्री के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
