अमरनाथ यात्रा: 6,721 श्रद्धालुओं का चौथा जत्था जम्मू से रवाना

जम्मू । अमरनाथ तीर्थयात्रियों का चौथा जत्था आज तड़के जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से दो बेस कैंपों (आधार शिविरों) के लिए रवाना हुआ। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। 2,590 तीर्थयात्रियों ने छोटे बालटाल रूट को चुना जबकि 4,131 ने पारंपरिक पहलगाम रूट को चुना है। इस जत्थे में 4,576 पुरुष तीर्थयात्री, 1,310 महिलाएं, 22 बच्चे, 572 साधु, 154 साध्वियां, 38 विदेशी पुरुष श्रद्धालु और 49 विदेशी महिला श्रद्धालु शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि बालटाल जाने वाला काफिला जिसमें 152 गाड़ियां (50 बसें, 12 मीडियम मोटर वाहन और 90 हल्के मोटर वाहन) शामिल थीं सुबह 3:15 बजे भगवती नगर से रवाना हुआ। पहलगाम जाने वाला काफिला जिसमें 139 गाड़ियां (84 बसें, 25 मीडियम मोटर वाहन और 30 हल्के मोटर वाहन) शामिल थीं सुबह 3:45 बजे रवाना हुआ। यह वार्षिक तीर्थयात्रा कई स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था के तहत आयोजित की जा रही है। यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सिविल प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने मिलकर इंतजाम किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *